Khabarnama Desk : देवघर वासियों के लिए एक नई सौगात की शुरुआत होने जा रही है। अब देवघर एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए एक और फ्लाइट की शुरुआत होने वाली है, जो खासतौर पर देर शाम को उड़ान भरेगी। इस फ्लाइट का संचालन मार्च महीने से शुरू होगा, जिससे देवघर और दिल्ली के बीच यात्रा और भी सुविधाजनक हो जाएगी।
सांसद निशिकांत दुबे ने इस बारे में जानकारी साझा करते हुए बताया कि 30 मार्च से देवघर से दिल्ली के लिए शाम की उड़ान शुरू हो जाएगी। दिल्ली से यह विमान शाम 5:30 बजे उड़ान भरेगा और शाम 7:00 बजे देवघर पहुंचेगा। इसके बाद, यह विमान देवघर से शाम 7:40 बजे उड़ान भरकर लगभग रात 9:30 बजे दिल्ली पहुंचेगा।
सांसद ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बेहतरीन देन देवघर एयरपोर्ट से अब यानी 30 मार्च से दिल्ली के लिए शाम में भी हवाई जहाज की सुविधा मिलेगी।”
इस पहल के लिए सांसद निशिकांत दुबे ने नागरिक उड्डयन मंत्री का आभार जताते हुए इंडिगो एयरलाइंस का भी धन्यवाद किया, जो लगातार यात्रियों की सुविधा में वृद्धि कर रही है। यह नई फ्लाइट सेवा देवघर के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और अधिक सुविधाएं मिलेंगी।





